ट्रांसजेंडर-समावेशी स्कूली पाठ्यपुस्तक संबंधी याचिका पर केंद्र को एससी ने भेजा नोटिस, 8 सप्ताह में मांगा जवाब
Press Trust of India | September 1, 2025 | 07:33 PM IST | 2 mins read
कक्षा 12वीं की छात्रा साहा द्वारा दायर जनहित याचिका में एनसीईआरटी और राज्य शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा तैयार स्कूली पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों में ट्रांसजेंडर-समावेशी सीएसई को शामिल करने का आग्रह किया गया था।
नई दिल्ली: उच्चतम न्यायालय (SC) ने 1 सितंबर को केंद्र, एनसीईआरटी और महाराष्ट्र समेत 6 राज्यों से उस जनहित याचिका पर जवाब मांगा, जिसमें स्कूली पाठ्यक्रम में ट्रांसजेंडर-समावेशी व्यापक यौन शिक्षा (सीएसई) को शामिल करने का अनुरोध किया गया है। प्रधान न्यायाधीश बी आर गवई और न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन की पीठ ने याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन की दलीलों पर गौर किया और प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर 8 सप्ताह के भीतर जवाब मांगा।
केंद्र और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के अलावा, याचिकाकर्ता काव्या मुखर्जी साहा ने याचिका में महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब, तमिलनाडु और कर्नाटक को पक्षकार बनाया। 12वीं कक्षा की छात्रा साहा द्वारा दायर जनहित याचिका में एनसीईआरटी और राज्य शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा तैयार स्कूली पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों में ट्रांसजेंडर-समावेशी सीएसई को शामिल करने का आग्रह किया गया था।
याचिका में कहा गया है कि एनसीईआरटी और अधिकांश एससीईआरटी ने ‘नालसा बनाम भारत संघ’ मामले में शीर्ष अदालत के बाध्यकारी निर्देशों का पालन नहीं किया है। ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा 2(डी) और 13 के तहत वैधानिक दायित्वों के बावजूद, परिषदों ने कथित तौर पर लैंगिक पहचान, लैंगिक विविधता और ‘सेक्स’ व ‘जेंडर’ के बीच भेद पर संरचित और परीक्षा योग्य सामग्री को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की उपेक्षा की।
महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब, तमिलनाडु और कर्नाटक में की गई पाठ्यपुस्तक समीक्षाओं में कथित तौर पर प्रणालीगत चूकें सामने आईं, जिनमें केरल आंशिक अपवाद था। इसमें कहा गया है कि यह बहिष्कार न केवल समानता के अधिकार जैसे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है, बल्कि राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों को भी कमजोर करता है।
आगे कहा गया है कि यूनेस्को और विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रकाशित लैंगिकता शिक्षा पर अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मार्गदर्शन, सीएसई के लिए विश्व स्तर पर स्वीकृत ढांचा प्रदान करता है।
याचिका में अधिकारियों को देश भर के परीक्षा योग्य स्कूली पाठ्यक्रम में ‘वैज्ञानिक रूप से सटीक, आयु-उपयुक्त’ और ट्रांसजेंडर-समावेशी सीएसई को शामिल करने का निर्देश देने की मांग की गई है। इसमें भारत के सभी सार्वजनिक और निजी शैक्षणिक संस्थानों में लिंग संवेदीकरण और ट्रांसजेंडर-समावेशी यौन शिक्षा के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए बाध्यकारी दिशानिर्देश तैयार करने का निर्देश देने की भी मांग की गई है।
अगली खबर
]विशेष समाचार
]- JEE Main 2026: एनआईटी इलाहाबाद में प्रवेश के लिए जेईई मेन में कितने अंक चाहिए? पात्रता, फीस और कटऑफ जानें
- JEE Main 2026: एनआईटी दिल्ली के लिए जेईई मेन में कितने मार्क्स चाहिए? जानें पात्रता, फीस, कटऑफ, औसत पैकेज
- राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी, ‘लाडू’, ‘रोटलो’ और ‘मोटो बापो’ जैसे स्थानीय शब्द होंगे शामिल
- राजस्थान में 7,000+ कम नामांकन वाले स्कूलों को मर्ज करने की तैयारी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जताया विरोध
- अगले 5 साल में 10 अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की योजना, आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने दी जानकारी
- राज्यसभा में कांग्रेस सदस्य ने की हर स्कूल में छात्राओं के लिए अलग शौचालय सुनिश्चित करने की मांग
- हरियाणा के 23 जिलों में बनेंगे 90 आदर्श परीक्षा केंद्र, एचएसएससी अभ्यर्थियों को मिलेगी फ्री बस सुविधा
- Career Options After JEE: जेईई के बाद करियर के बेस्ट विकल्प क्या-क्या है? ट्रेंड्स जानें
- Rajasthan Budget 2026: एनटीए की तर्ज पर बनेगी स्टेट टेस्टिंग एजेंसी, भर्तियों का तोहफा; बजट में प्रमुख घोषणाएं
- Pariksha Pe Charcha 2026: स्वयं को तकनीक का गुलाम न बनाएं, क्षमता बढ़ाने में करें उपयोग- छात्रों से पीएम मोदी